पर्यटक की हत्या के मामले में 3 और गिरफ्तार, कोर्ट से मिला इतने दिन का पुलिस रिमांड….
HNN/कांगड़ा
भागसूनाग पार्किंग के साथ दुकान में कहासुनी के बाद पंजाब के पर्यटकों के साथ मारपीट के दौरान युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को गिरफ्तार किए 3 आरोपियों में से 2 टैक्सी चालक और एक दुकानदार है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
फगवाड़ा के युवक हत्या मामले में अभी तक कुल 8 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इससे पहले पुलिस ने दुकान मालिक और उसके बेटे सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें पहले ही 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। बता दें कि भागसूनाग स्थित आर्यन कॉफी शॉप के मालिक व पंजाब के युवकों के बीच शराब न पीने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
हालांकि इस दौरान पर्यटकों ने कहा था कि वे शराब नहीं पी रहे हैं बल्कि नाश्ते के लिए आए हैं, लेकिन कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात मारपीट तक पहुंच गई और इस दौरान फगवाड़ा के नवदीप सिंह को गंभीर चोटें आई थीं और उसकी मौत हो गई थी। शनिवार को इस मामले में पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर अंकुश कपूर व रमन कुमार सहित दुकानदार कुनाल नैहरिया को गिरफ्तार किया है, जिन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
इससे पहले पुलिस ने मामले में दुकान मालिक होशियार सिंह, उसके बेटे आर्यन, टैक्सी चालक विक्की व दुकानदार अंकुश कुमार व अजय को गिरफ्तार किया था, जिन्हें शुक्रवार को ही 5 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। उधर, एएसपी कांगड़ा हितेश लखनपाल ने बताया कि मामले के 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में पुलिस गहनता से जांच कर रही है।