Loading...

पर्यावरण और स्वच्छता के लिए जनभागीदारी ज़रूरी: DC चंबा’

Shailesh Saini 5 Jun 2025 Edited 5 Jun 1 min read

एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत चंबा में लगेंगे एक लाख पौधे; विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष सफाई अभियान

हिमाचल नाऊ न्यूज़ चंबा

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय चंबा के हरदासपुरा पार्क में एक विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त चंबा, मुकेश रेपसवाल ने पर्यावरण और स्वच्छता के महत्व पर ज़ोर देते हुए कहा कि इन कार्यों की सफलता के लिए जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल के साथ नगर परिषद चंबा और विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर हरदासपुरा चौक के पास स्थित नगर परिषद पार्क, रेवेन्यू कॉलोनी और इसके आसपास के क्षेत्रों, साथ ही नालियों की भी व्यापक सफाई की गई।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआतउपायुक्त चंबा ने जानकारी दी कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पिछले लगभग एक सप्ताह से नगर परिषद चंबा, डलहौज़ी और नगर पंचायत चुवाड़ी के विभिन्न वार्डों में लगातार स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में आज हरदासपुरा पार्क में भी बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।इसके अतिरिक्त, आज के ख़ास अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की भी शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत जिला चंबा में शिक्षण संस्थाओं सहित विभिन्न स्थानों पर वन विभाग के सहयोग से लगभग एक लाख पौधे लगाए जाएंगे।

शुद्ध वातावरण के लिए सामूहिक प्रयासमुकेश रेपसवाल ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य जन सहयोग के बिना पूरे नहीं हो सकते। उन्होंने जिला चंबा के सभी निवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दें, ताकि हम आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध और स्वस्थ वातावरण प्रदान कर सकें।

इस अवसर पर उपायुक्त ने हरदासपुरा में पौधारोपण भी किया।इस स्वच्छता कार्यक्रम में एसी टू डीसी पृथ्वी पाल सिंह, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, जिला विकास अधिकारी ओम प्रकाश ठाकुर, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल, जिला भाषा अधिकारी मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।