पशुशाला में आग लगने से जिंदा जले 3 मवेशी, 15 क्विंटल तूड़ी जलकर राख
HNN/ ऊना
जिला ऊना के उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत कुठियाड़ी में भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है, यहां एक पशुशाला में आग लगने से 3 मवेशी जिंदा जल गए।
वहीं पशुशाला के पास कुप्प में रखी लगभग 15 क्विंटल तूड़ी (पशुचारा) भी जल कर नष्ट हो गई है। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
जानकारी के मुताबिक, कुठियाड़ी के वार्ड नम्बर-4 में 2 भाइयों यशपाल व राजकुमार पुत्र खुशी राम की सांझी टीनपोश पशुशाला में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
इस घटना में यशपाल की 2 भैंसें जबकि राजकुमार पुत्र ख़ुशी राम की एक भैंस आग में जिंदा जल गई। इस घटना में लगभग 3 लाख रुपए के नुक्सान का आकलन किया गया है।
वहीं प्रशासन की तरफ से पीड़ित यशपाल को 20 हजार और राजकुमार को 10 हजार रुपए की राशि फौरी राहत के तौर पर दी गई है।