बद्दी रेडक्रॉस मेले में राज्यपाल ने नशामुक्त हिमाचल के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का किया आह्वान
बद्दी में आयोजित पहले जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का शुभारंभ करते हुए राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने मानवीय सेवा में जनभागीदारी बढ़ाने और नशामुक्त हिमाचल अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस करुणा, मानवता और निःस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। रक्तदान, स्वैच्छिक सेवा या जरूरतमंद की सहायता के रूप में किया गया छोटा योगदान भी किसी व्यक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

सोलन/बद्दी
राज्यपाल ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ करने के साथ सरकारी विभागों और गैर-सरकारी संगठनों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए, जिला रेडक्रॉस पत्रिका का विमोचन किया और रेडक्रॉस के संरक्षकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में कबड्डी मैच, विभिन्न खेल गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित रहीं।

149 शिक्षण संस्थानों में गतिविधियों को बढ़ावा
राज्यपाल ने रक्तदान, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जागरूकता, आपदा प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने जिले के 149 शिक्षण संस्थानों में जूनियर रेडक्रॉस और यूथ रेडक्रॉस गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। राजकीय महाविद्यालय कंडाघाट में प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित करने की पहल की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं में सेवा, करुणा और सहयोग की भावना विकसित करना आवश्यक है।

उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ अभियान, चिट्टा मुक्त हिमाचल पहल, पौधरोपण, आपदा की तैयारियों और प्राथमिक उपचार से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया। राज्यपाल ने रेडक्रॉस से स्वच्छता और नशामुक्त हिमाचल अभियान में अपनी भूमिका और मजबूत करने को कहा। उन्होंने लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार रेडक्रॉस फंड में योगदान देने की अपील भी की, ताकि जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।
राज्यपाल ने वर्ष 1973 से कार्यरत सोलन जिला रेडक्रॉस सोसायटी की सेवाओं की सराहना की। सोसायटी चिकित्सा सहायता, मरीजों के परिवहन, उपचार के लिए आर्थिक सहयोग, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करवा रही है। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने बताया कि मेले से एकत्र धनराशि का उपयोग रेडक्रॉस की गतिविधियों के लिए किया जाएगा। विधायक राम कुमार चौधरी ने चंडीगढ़ और बद्दी के बीच बेहतर कनेक्टिविटी का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया।