दुर्घटना / पहाड़ी से गिरे पत्थर ,एक की मौत

By Ankita Published: 25 Jun 2023, 11:53 AM | Updated: 25 Jun 2023, 12:44 PM 1 min read

HNN/ मंडी

चंडीगढ़ मनाली एनएच पर ड्योड के समीप एक दर्दनाक हादसा सामने आया है जिसमें पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण सड़क किनारे काम कर रहे पीडब्ल्यूडी के बेलदार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय डूमणू राम पुत्र तापे राम निवासी गांव हटौण डाकघर शिवाबदार के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय मृतक ड्योड से कुछ दूरी पर सड़क किनारे काम कर रहा था तभी अचानक पहाड़ से कुछ पत्थर सीधे उस पर आ गिरे। इस हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके साथ और भी कर्मचारी कुछ दूरी पर ही काम कर रहे थे उन्होंने तुरंत ही स्थानीय लोगों की मदद से उस पर से पत्थर हटाए पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

एएसपी मंडी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वही लोक निर्माण विभाग थलौट मंडल के अधिशाषी अभियंता सुरेश कौशल ने बताया कि पीड़ित परिवार को विभाग की तरफ से हरसंभव सहायता मुहैया करवाई जाएगी।