Loading...

पांगी घाटी में सड़क और मोबाइल नेटवर्क सुविधा को किया जाएगा सुदृढ़- प्रतिभा सिंह

PARUL • 15 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/चंबा

सांसद लोकसभा क्षेत्र मंडी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि पांगी घाटी में सड़कों के सुधार व मोबाइल नेटवर्क सुविधा को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शौर में निर्मित होने वाली विद्युत परियोजना के स्थान को परिवर्तित करने के लिए उच्च अधिकारियों के साथ बात करेंगी। यह बात उन्होंने भरमौर विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल पांगी की पंचायत शौर पुर्थी, मिन्धल माता, चेरी बंगला, सिद्ध मंदिर व किलाड़ में जन समस्याओं को सुनते हुए कही।

उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को याद करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों विशेष तौर पर जनजातीय क्षेत्रो के विकास को प्रमुखता दी थी। जनजातीय क्षेत्र की समस्याओं का समाधान उनकी भी विशेष प्राथमिकता में शामिल है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश इस समय आपदा के दौर से गुजर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश व भूस्खलन से 12000 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों को राहत देने व उनके पुनर्वास के लिए 4500 करोड़ का एक आपदा कोष स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रही है।

इस दौरान पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी व उपमंडल स्तरीय कांग्रेस पदाधिकारीयों ने सांसद प्रतिभा सिंह का घाटी में पहुंचने पर स्वागत किया व घाटी की समस्याओं से अवगत करवाया। इससे पूर्व प्रतिभा सिंह ने हाल ही में हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारी स्व. सोमराज निवासी ग्राम पंचायत शौर की दुर्घटना में दुखद मृत्यु पर शोकग्रस्त परिवार से उनके घर जाकर अपनी संवेदना प्रकट की और उनकी आत्मा के लिए शांति की प्रार्थना की।