Loading...

पांच माह की गर्भवती महिला ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

PARUL • 10 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/कांगड़ा

जिला कांगड़ा में उपमंडल पालमपुर के राजपुर टांडा में पांच माह की गर्भवती महिला ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी एक वर्ष पहले हुई थी।

उसका ससुराल उसके घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर है। शादी के बाद उसकी पत्नी अवसाद में रहने लगी थी। वह करीब पांच माह की गर्भवती भी थी। जानकारी के अनुसार, महिला का पति सुबह करीब साढ़े दस बजे गैस सिलिंडर भरवाने के लिए गया था। वह गैस वाहन का इंतजार कर रहा था कि तभी उसकी भाभी वहां पहुंची और बताया कि उसकी पत्नी अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है।

जिस पर पति अपने घर पहुंचा और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो उसकी पत्नी ने पंखे से फंदा लगाया हुआ था। जिसके बाद उन्होंने उसे फंदे से उतारा और अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतका की मां और पिता से भी पूछताछ की।

हालांकि उन्होंने बेटी की मौत पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। फ़िलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कालेज भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का पता चलेगा। थाना प्रभारी पालमपुर सुरेंद्र ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है।