पांवटा में अवैध खनन कर रहे छह ट्रैक्टर किए जब्त, वसूला जुर्माना
HNN/पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में वन विभाग की टीम ने यमुना नदी में अवैध खनन करते हुए छह ट्रैक्टर जब्त किए हैं। साथ ही ट्रैक्टर चालकों से 1,22,686 रुपए जुर्माना भी वसूला है। जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की टीम को काफी समय से यमुना नदी में अवैध खनन की सूचना मिल रही थी।
जिसके आधार पर वन विभाग की टीम ने यमुना नदी व गिरि नदी के आसपास छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही छह ट्रैक्टरों को अवैध खनन करते हुए पकड़ा। जिसके बाद उन्होंने सभी ट्रैक्टरों को जब्त किया और चालकों से 1,22,686 रुपए जुर्माना वसूला।
डीएफओ पांवटा साहिब ऐश्वर्य राज ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पांवटा उपमंडल में खनन माफिया के खिलाफ वन विभाग ने अभियान शुरू किया हुआ है जो लगातार जारी रहेगा।