सराहां अस्पताल में जल्द तैनात होंगे विशेषज्ञ डॉक्टर, तीन माह में तैयार होगा आईटीआई भवन
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने नगरकोटी फिलिंग स्टेशन का किया शुभारंभ, बोले—शिक्षा और रोजगार में सिरमौर के युवाओं का शानदार प्रदर्शन
हिमाचल नाऊ न्यूज| सराहां
उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सराहां क्षेत्र को पेट्रोलियम सुविधा की सौगात देते हुए नगरकोटी फिलिंग स्टेशन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उद्योग मंत्री ने सराहां अस्पताल में जल्द विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति करने तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के निर्माणाधीन भवन को तीन माह के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि नगरकोटी फिलिंग स्टेशन खुलने से स्थानीय लोगों के साथ इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी बेहतर पेट्रोलियम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्वरोजगार, कृषि, बागवानी, पशुपालन और लघु उद्योगों को प्रोत्साहित कर रही है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाकर हिमाचल को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
शिक्षा के क्षेत्र में सिरमौर के युवाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में हाल ही में भरे गए टीजीटी के 400 पदों में से 102 पदों पर सिरमौर के युवाओं ने सफलता हासिल की है। इसी प्रकार सीबीएसई के 84 पदों में से 22 पर सिरमौर के अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। इनमें अकेले शिलाई क्षेत्र के 14 युवा शामिल हैं। उन्होंने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
इससे पूर्व नगरकोटी फिलिंग स्टेशन के मालिक बाबूराम शास्त्री ने उद्योग मंत्री का स्वागत किया और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, प्रदेश कांग्रेस सचिव दयाल प्यारी, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा, एसडीएम पच्छाद प्रियंका चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

