पांवटा साहिब में देसी कट्टे से किए फायर, मामला दर्ज
HNN/ पांवटा साहिब
हिमाचल प्रदेश के जनपद सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में देसी कट्टे से फायर करने की वारदात सामने आई है। हालांकि गनीमत यह रही कि इस वारदात में कोई जख्मी नहीं हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
मामला उपमंडल के निहालगढ़ का है, जहां मकान मालिक ने एक युवती को मकान खाली करने के लिए कहा। इसके बाद युवती के जाानकारों ने मकान मालिक पर देसी कट्टे से फायर कर दिया, जिसमें मकान मालिक की जान बाल-बाल बच गई। साथ ही मकान मालिक की बहन भी घायल होने से बच गई।
पुरूवाला पुलिस थाना को दी शिकायत में साहिल पुत्र संजय ठाकुर निवासी गांव व डाकघर निहालगढ़, तहसील पांवटा साहिब ने बताया कि जब यह अपने घर पर था तो घर के गेट के पास गुरविंदर, इंदरजीत, मुकेश कुमार और खलिक के अलावा दो लोग और थे, जिनके वह नाम नहीं जानता।
साहिल ने अपने बयान में बताया कि गुरविंदर उर्फ विंदर व इंदरजीत उर्फ इंदु ने उसे जान से मारने की नियत से कट्टे से फायर कर दिया। देसी कट्टे की गोली मकान की दीवार में लगी, जबकि अन्य लोगों के पास रोडे़ं और कट्टे थे।
इसी बीच बरामदे में सफाई कर रही उसकी बहन श्वेता ठाकुर के ऊपर भी फायर किया गया। उसके बाद ये लोग मौके से भाग गए। बड़ी मुश्किल से उसने अपनी जान बचाई। शिकायत में बताया गया कि उसके मकान में एक लड़की किराये पर रहती है, जो गुरविंदर की जानकार है।
उन्होंने युवती को कमरा खाली करने के लिए कहा तो आरोपी ने कई लोगों को अपने साथ इकट्ठा कर जान से मारने की नियत से कट्टे से फायर किया। साथ ही डंडे व रोड़ से भी हमला करने की कोशिश की। उधर, डीएसपी पांवटा साहिब अदिति सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।