पांवटा साहिब / युवक के घर से अवैध पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस बरामद
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से अवैध पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस थाना पुरुवाला के अंतर्गत एसआईयू/साइबर सेल नाहन की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मैहरुवाला क्षेत्र का एक युवक अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है और उसके पास अवैध पिस्टल मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान पिस्टल और कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के घर से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और कुल आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही हथियार और कारतूस कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त होने का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी मेहरबान उर्फ अरबाज (22) पुत्र कमरुदीन निवासी गांव मैहरुवाला डाकघर भंगाणी तहसील पांवटा साहिब जिला सिरमौर काफी समय से इलाके में अवैध पिस्टल और देसी कट्टों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त बताया जा रहा है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 30 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के तार किसी अन्य आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।