Loading...

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान गिरफ्तार

Ankita • 9 May 2023 • 1 Min Read

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान गिरफ्तार हो गए हैं। इमरान को पाक रेंजर्स ने कोर्ट रूम से ही गिरफ्तार किया है। इमरान की गिरफ्तारी ऐसे वक्त पर हुई, जब हाल ही में उन्होंने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के अधिकारी मेजर जनरल फैसल नसीर पर गंभीर आरोप लगाए थे।

इमरान ने आरोप लगाया था कि मेजर जनरल फैसल नसीर उनकी हत्या कराने की कोशिश कर रहे हैं। इमरान के इस बयान के लिए पाकिस्तानी सेना ने उन्हें फटकार भी लगाई थी। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, इमरान को इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर रेंजर्स द्वारा अल-कादिर ट्रस्ट मामले में गिरफ्तार किया गया,यहां इमरान खान अपने खिलाफ दर्ज कई मामलों में जमानत लेने पहुंचे थे।

इमरान खान की पार्टी पीटीआई के ट्विटर हैंडल से वीडियो जारी किया गया है। पार्टी का दावा है कि इमरान खान के वकील कोर्ट परिसर में बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। बीते बुधवार को राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो ने पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष इमरान खान के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला चलाया।

इस मामले में शामिल अन्य लोगों में पूर्व संघीय विदेश मंत्री जुल्फिकार बुखारी और पूर्व जवाबदेही सलाहकार शहजाद अकबर भी शामिल हैं, जिन्हें अल कादिर ट्रस्ट विश्वविद्यालय के लिए भूमि आवंटित की गई थी।