पानी से भरी बाल्टी में डूबने से डेढ़ वर्षीय बच्चे की हुई मौत
HNN/ ऊना
जिला ऊना में एक दुःखद घटना पेश आई है, यहां पानी से भरी बाल्टी में डूबने से डेढ़ वर्षीय बच्चे की जान चली गई है। इस घटना के उपरांत परिजनों का रो-रो को बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, हिमाचल व पंजाब की सीमा पर स्थित नंगल के वार्ड नंबर-2 के तहत पड़ते पुराना गुरुद्वारा क्षेत्र में बच्चा घर में खेल रहा था। इस दौरान खेलते-खेलते वह बाथरूम में चला गया। बाथरूम में पानी से भरी हुई बाल्टी रखी हुई थी।
इसी बीच खेलते-खेलते बच्चा बाल्टी में जा गिरा। काफी देर तक जब बच्चे की कोई आवाज नहीं सुनाई दी तो परिजनों ने हर जगह उसकी तलाश की। जिसके बाद बाथरूम में जाकर देखा तो बच्चा पानी से भरी बाल्टी में गिरा हुआ था।
घटना के बाद परिजन बच्चे को सिविल अस्पताल नंगल लेकर गए, लेकिन वहां बच्चों का डॉक्टर न होने के चलते उसे बीबीएमबी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉ. नितिश वर्धन ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं बच्चे की मौत से परिजनों पर दुःखो का पहाड़ टूट पड़ा है।