हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के पालकवाह क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
हादसा पालकवाह मोड़ के पास हुआ
हरोली उपमंडल के अंतर्गत पालकवाह के पास एक ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर हो गई। बाइक पर दो युवक सवार थे, जो सड़क पार करते समय ट्रैक्टर की चपेट में आ गए।
ट्रैक्टर की चपेट में आया युवक
टक्कर के दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरोली ले जाया गया।
अस्पताल में एक की मौत, दूसरा रेफर
चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और हादसे की जांच जारी है।

