Loading...

पिन पार्वती नदी के कटाव से तलाड़ा गांव पर खतरा, ग्रामीणों ने उपायुक्त से की सुरक्षा दीवार लगाने की मांग

NEHA • 27 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/कुल्लू

कुल्लू जिले के उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत तलाड़ा में पिन पार्वती नदी से नुकसान हो रहा है। नदी का बहाव पंचायत की ओर होने से लगातार कटाव हो रहा है, जिससे लगभग 20 घरों को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने नदी के किनारे सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की है ताकि खतरे को कम किया जा सके।

ग्राम पंचायत प्रधान सुभाष ठाकुर की अगुवाई में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कुल्लू से मिला और उन्हें समस्या से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बनी पावर परियोजनाओं की लापरवाही के कारण पिछले वर्ष जुलाई में पिन पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने से तलाड़ा पंचायत को नुकसान हुआ। उन्होंने उपायुक्त से मांग उठाई कि दोनों परियोजनाओं को पंचायत क्षेत्र में नदी के किनारे सुरक्षा दीवार लगाने के आदेश जारी किए जाएं।

उपायुक्त को मांगपत्र भी सौंपा गया, जिसमें नदी किनारे सुरक्षा दीवार लगाने की मांग रखी गई है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि वे इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करें ताकि पंचायत के गांव सुरक्षित रह सकें।