पीएम मोदी ने अर्जेंटीना को दी बधाई, बोले- मेसी के करोड़ों भारतीय प्रशंसक इस जीत से बेहद खुश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन बनने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फाइनल मुकाबले को फुटबॉल के सबसे रोमांचक मैचों में से एक के रूप में याद किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि अर्जेंटीना और मेसी के करोड़ों भारतीय प्रशंसक इस शानदार जीत से खुश हैं।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “इसे सबसे रोमांचक फुटबॉल मैचों में से एक के रूप में याद किया जाएगा। अर्जेंटीना को फीफा विश्व कप चैंपियन बनने पर बधाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। अर्जेंटीना और मेसी के लाखों भारतीय प्रशंसक इस शानदार जीत पर खुशी मना रहे हैं।”
पीएम मोदी ने फ्रांस को भी उसके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, फीफा विश्व कप में उत्साहपूर्ण प्रदर्शन के लिए फ्रांस को बधाई। उन्होंने फाइनल तक पहुंचने के रास्ते में अपने कौशल और खेल भावना से फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीता।
बता दे कि विश्व कप के फाइनल में अर्जेंटीना ने फ्रांस को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हरा दिया। इसी के साथ अर्जेंटीना 36 साल बाद विश्व कप जीतने में सफल रहा। अर्जेंटीना ने 1978 और 1986 के बाद अब तीसरी बार खिताब को अपने नाम कर लिया है।