Loading...

पीएम मोदी ने नए संसद भवन के उद्घाटन पर 75 रुपए का सिक्का किया जारी

Ankita • 28 May 2023 • 1 Min Read

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 28 मई यानि रविवार को नए संसद भवन के उद्घाटन के अवसर पर 75 रुपये का सिक्का जारी किया। उन्होंने नए संसद भवन के लोकसभा कक्ष में आयोजित उद्घाटन समारोह में सिक्का जारी किया।

केंद्रीय वित्त मंत्रालय के तहत आर्थिक मामलों के विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सिक्के का वजन 34.65 ग्राम से 35.35 ग्राम के बीच होगा। अधिसूचना में कहा गया कि सिक्के के एक तरफ बीच में अशोक स्तंभ की छवि होगी, जिसके एक ओर देवनागरी लिपि में ‘भारत’ जबकि दूसरी ओर अंग्रेजी में ‘इंडिया’ लिखा होगा।

सिक्के के पिछले हिस्से पर संसद परिसर की छवि है, इसके ऊपरी हिस्से में हिंदी और नीचे अंग्रेजी में संसद संकुल लिखा है। संसद की तस्वीर के ठीक नीचे वर्ष 2023 भी लिखा है।

कैसे बना 75 रुपए का सिक्का
75 रुपये का सिक्का भारत सरकार की कोलकाता टकसाल द्वारा बनाया गया है। 44 मिमी के इस सिक्के का आकार गोल है। इसका वजन लगभग 35 ग्राम है। इस सिक्के में 50 फीसदी चांदी, 40 फीसदी कॉपर, और 5-5 फीसदी निकल और जिंक धातु का मिश्रण है।