पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर मंत्री मरियम शिउना समेत 3 सस्पेंड
मालदीव सरकार ने पीएम मोदी और भारत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर मंत्री मरियम शिउना, मालशा शरीफ और महज़ूम माजिद को सस्पेंड कर दिया है। मालदीव सरकार के प्रवक्ता, मंत्री इब्राहिम खलील ने कहा कि विवादित टिप्पणियों के लिए ज़िम्मेदार तीनों मंत्रियों को उनके पद से तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने लक्षद्वीप का दौरा किया था। इसके बाद उन्हें इस दौरे की तस्वीरे सोशल मीडिया पर शेयर की थी। इसके साथ ही उन्होंने भारतीयों से अपील की थी कि वह इस आइलैंड पर घूमने का प्लान करें।
इसके बाद मालदीव की युवा सशक्तिकरण मामलों की उप मंत्री मरियम शिउना ने पीएम मोदी के पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। हालांकि जब उनके इस ट्वीट की आलोचना हुई तो उन्होंने इसे डिलीट भी कर दिया था। मरियम शिउना के इस ट्वीट पर भारत ने आपत्ति जताई तो मालदीव सरकार की भी प्रतिक्रिया सामने आ गई।
मुइज्जु सरकार ने इस मामले को लेकर बयान जारी करते हुए कहा कि मालदीव सरकार विदेशी नेताओं और उच्च पदस्थ व्यक्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर अपमानजनक टिप्पणियों से अवगत है। ये राय व्यक्तिगत हैं और मालदीव सरकार के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करती है।