पीड़ितों को समय पर राहत और स्थाई पुनर्वास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- हर्षवर्धन चौहान

Timely-relief-and-permanent.jpg

उद्योग मंत्री ने भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मकानों का किया निरीक्षण

HNN/ मंडी

उद्योग, संसदीय मामले व आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल इस समय भयंकर आपदा के दौर से गुजर रहा है। यह पिछले 50 वर्षों में आई सबसे भयंकर तबाही है। इस संकट में सुक्खू सरकार पूरी मजबूती से लोगों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ी है। बाढ़ से प्रभावित हुए लोगों को समय पर राहत पहुंचाना और उनका स्थाई पुनर्वास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हर्षवर्धन चौहान को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के दौरे पर रहे। उन्होंने वहां बारिश और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर नुकसान का जायजा लिया तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। मंत्री ने भारी बरसात से क्षतिग्रस्त हुए मकानों का मौके पर निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों के स्थाई पुनर्वास के लिए राज्य सरकार विशेष कार्य योजना तैयार कर रही है। इस मौके धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ठाकुर उनके साथ रहे।


भविष्य के लिए वैज्ञानिक आधार पर बनेगी कार्य योजना, डाटा संकलन और निरंतर निगरानी पर रहेगा ध्यान
उद्योग मंत्री ने कहा कि इस बार बरसात में प्रदेश में भूस्खलन की अत्यधिक घटनाओं को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों का जियोलॉजिकल सर्वे करवाया जा रहा है। इसके लिए टीमें पूरी गहनता से सर्वेक्षण कर रही हैं। सर्वेक्षण रिपोर्ट आने के बाद भविष्य में ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक आधार पर कार्य योजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने जैसी विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के लिए अति संवेदनशील है। आपदा संबंधित जोखिम को कम करने के लिए ऐसी घटनाओं से प्राप्त डाटा का संकलन और इसकी निरंतर निगरानी पर भी ध्यान दिया जाएगा।

पहाड़ियां दरकने के कारणों की होगी पड़ताल
उद्योग मंत्री ने बताया कि बरसात के दौरान धर्मपुर क्षेत्र में पहाड़ियाँ दरकने के बहुत मामले सामने आए हैं, जिससे कई मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके कारणों का गहनता से पता लगाया जाएगा। धर्मपुर क्षेत्र में एनएचएआई व पूर्व में ओएनजीसी द्वारा की गई ब्लास्टिंग व माइनिंग के साथ साथ सड़कों पर पानी के निकास की उचित व्यवस्था न होना भी भूस्खलन का एक कारण हो सकता है। सरकार इसकी पूरी गहनता से जांच करेगी।

सीएम स्वयं देख रहे राहत व पुनर्वास कार्य
उद्योग मंत्री ने कहा कि संकट के इस समय में प्रदेश सरकार पूरी मजबूती से लोगों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जाकर राहत व पुनर्वास कार्यों का जायजा ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पीड़ितों की व्यापक मदद के लिए राहत मैनुअल में बढ़ोतरी की है। चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ितों को फौरी राहत उपलब्ध कराने के अलावा मकान बनाने के लिए भी हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। जो लोग भूस्खलन के कारण भूमिहीन हो गए हैं, उनको मकान बनाने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

सुविधा बहाली को दिन रात काम कर रही सरकार
मंत्री ने कहा कि राज्य में मूलभूत सुविधाओं का ढांचा दोबारा पटरी पर लाने के लिए सरकार दिन-रात कार्य कर रही है। सड़क, बिजली तथा पानी की सुविधा बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है। अधिकारी तथा कर्मचारी अपनी जान की परवाह किए बगैर सुविधाओं की बहाली के लिए दिन रात काम में जुटे हुए हैं।

मंत्री ने थपथपाई विधायक की पीठ, सराहे कार्य
हर्षवर्धन चौहान ने धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ठाकुर की पीठ थपथपाते हुए आपदा के दौरान प्रभावितों के लिए किए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लगातार जारी भारी बारिश से अनेक जगह विकट परिस्थितियां पैदा हुई हैं। ऐसे में विधायक चन्द्रशेखर ठाकुर खुद लगातार स्थिति की निगरानी रख रहे हैं। उपमंडल धर्मपुर विधायक चंद्रशेखर के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन और राहत बचाव कार्यों को युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक इस संकट के समय में प्रत्येक आपदा प्रभावित घर में जाकर स्थिति पर नजर रखे हैं और सभी प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। साथ ही सड़कों की मरम्मत, पेयजल व बिजली आपूर्ति समय रहते बहाल करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सभी प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के साथ साथ सबकी सुरक्षा तय बनाने के लिए प्रबंध किए गए हैं।

विधायक ने दी लोगों को हुए नुकसान की जानकारी
वहीं इस दौरान विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने मंत्री हर्षवर्धन चौहान को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से नुकसान और प्रभावित क्षेत्रों की वस्तुस्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि हर प्रभावित परिवार को फौरी राहत मुहैया करवा दी गई है तथा शेष राशि भी जल्द मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि उपमंडल में राहत कार्य अभी भी जारी है और वे सबकी हर संभव मदद के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।