पुराने बस स्टैंड पर खड़ी कार में लगी आग, टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों ने बुझाई आग, राजगढ़ में फायर स्टेशन न होने पर उठे सवाल
राजगढ़
राजगढ़ के पुराने बस स्टैंड पर रविवार सुबह खड़ी एक मारुति कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते कार से धुआं उठने लगा और लपटें निकलने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग नियंत्रित नहीं होती तो आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों और दुकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।
घटना ने एक बार फिर राजगढ़ क्षेत्र में फायर स्टेशन की कमी को उजागर कर दिया है। क्षेत्र में दमकल विभाग का न तो कोई कार्यालय है और न ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध है, जिससे ऐसी घटनाओं के दौरान लोगों को खुद ही हालात से निपटना पड़ता है।
गौरतलब है कि राजगढ़ क्षेत्र में समय-समय पर आगजनी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कभी शॉर्ट सर्किट के कारण दुकानों में आग लगती है तो कभी ग्रामीण क्षेत्रों में घासणियों में आग लगने से नुकसान होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से नेताओं द्वारा फायर स्टेशन खोलने के वादे किए जाते रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।रविवार की घटना के बाद क्षेत्र में फायर स्टेशन की मांग फिर तेज हो गई है।
लोगों ने सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द राजगढ़ में दमकल विभाग की स्थापना करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।