पुलिस की बड़ी कार्यवाही, हिमाचल में साढ़े 3 किलोग्राम चरस बरामद
HNN/ कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। इस दौरान पुलिस ने एक युवक से साढ़े 3 किलोग्राम चरस बरामद की है। युवक की पहचान 21 वर्षीय राम कुमार पुत्र तिलक वोरा निवासी बरीकोट, डाकघर झाजरकोट नेपाल के रूप में हुई है जिसके खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत केस दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भुंतर पुलिस की टीम भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर सिउंड के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक निजी बस को जाँच के लिए रुकवाया गया। पुलिस की नजर जब बस में बैठे एक युवक पर पड़ी तो उसकी शक के आधार पर तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपी के कब्जे से 3 किलो 446 ग्राम चरस बरामद हुई।