Loading...

FIR / जाली वसीयत से जमीन-मकान हड़पने का आरोप, पूर्व व वर्तमान नायब तहसीलदार समेत चार नामजद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 55 Mins Ago • 1 Min Read

FIR / कुल्लू जिले के मणिकर्ण में एक मृत व्यक्ति की कथित जाली वसीयत तैयार कर जमीन का इंतकाल कराने और मकान के दो कमरों पर कब्जा करने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर एक सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार को मुख्य आरोपी बनाया गया है। वर्तमान नायब तहसीलदार, कानूनगो और नंबरदार को भी कथित साजिश में शामिल होने के आरोप में नामजद किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है।

कुल्लू/मणिकर्ण

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई शिकायतकर्ता पिंकी की ओर से डीएसपी मुख्यालय को दी गई शिकायत के आधार पर हुई है। महिला ने आरोप लगाया कि सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार पूर्ण चंद ने उसके दिवंगत मामा हुक्मी राम की जाली वसीयत तैयार की और मणिकर्ण स्थित मकान के दो कमरों पर अवैध कब्जा कर लिया। शिकायत के मुताबिक हुक्मी राम अपनी बहन कलमा देवी और भांजी पिंकी के साथ मणिकर्ण में रहते थे। हुक्मी राम का वर्ष 2013 और कलमा देवी का वर्ष 2023 में निधन हो गया था।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2014 में पुश्तैनी कच्चे मकान के स्थान पर नया मकान बनवाया गया था। आरोप है कि पूर्ण चंद का हुक्मी राम से कोई पारिवारिक संबंध नहीं था। इसके बावजूद अगस्त में कथित जाली वसीयत के आधार पर राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से जमीन का इंतकाल उसके नाम कर दिया गया। महिला का कहना है कि इस प्रक्रिया में उसे कानूनी वारिस के रूप में शामिल नहीं किया गया और राजस्व विभाग ने उसके बयान भी दर्ज नहीं किए।

कमरों पर ताले लगाने और धमकी देने का आरोप

शिकायत के अनुसार 16 सितंबर को महिला अपने परिवार के साथ टापरूबाई स्थित दूसरे घर गई थी और मणिकर्ण वाला मकान बंद था। आरोप है कि इसी दौरान पूर्ण चंद ने मकान के दो कमरों पर जबरन ताले लगा दिए। महिला ने आरोपी पर मकान का मालिक बनने का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में यह दावा भी किया गया कि इससे पहले आरोपी के कहने पर दो लोगों ने घर से गहने, बर्तन और जरूरी दस्तावेज चोरी किए थे।

मणिकर्ण पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 329(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जरी के वर्तमान नायब तहसीलदार हेमराज शर्मा ने संबंधित इंतकाल की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल अवकाश पर हैं और ड्यूटी पर लौटने के बाद रिकॉर्ड की जांच करेंगे। उनके अनुसार जांच में गलत काम सामने आने पर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Related Topics: •