Loading...

NDPS / नाकाबंदी के दौरान SHO को कार से टक्कर, 14.5 ग्राम चिट्टे सहित दो आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 59 Mins Ago • 1 Min Read

NDPS / ऊना जिले के अम्ब थाना क्षेत्र के नकड़ोह में पुलिस नाकाबंदी के दौरान कार सवार दो आरोपियों ने जांच से बचने के लिए भागने का प्रयास किया और एसएचओ विपिन कुमार को वाहन से टक्कर मार दी। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को कार सहित पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे और एक आरोपी के घर की तलाशी के दौरान कुल 14.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। घायल एसएचओ की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

ऊना/अम्ब

पुलिस के अनुसार अम्ब थाना की टीम को नकड़ोह क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर इलाके में नाकाबंदी की गई। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। आरोप है कि कार से सामने खड़े एसएचओ विपिन कुमार को टक्कर मारते हुए भागने का प्रयास किया गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने वाहन का पीछा कर कुछ दूरी पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी में दो स्थानों से चिट्टा बरामद

कार रोकने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 5.77 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ जोनी के नकड़ोह स्थित घर पर भी दबिश दी, जहां तलाशी के दौरान 8.73 ग्राम चिट्टा मिला। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नकड़ोह के कैलाश नगर निवासी अर्जुन सिंह उर्फ जोनी और देवनगर, गगरेट निवासी जसकीरत सिंह के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के साथ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और एसएचओ को वाहन से टक्कर मारकर जानलेवा हमला करने से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। घायल एसएचओ विपिन कुमार को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा, ताकि कथित ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जांच आगे बढ़ाई जा सके।

Related Topics: •