पुलिस ने गाड़ी से जब्त की सरकारी सीमेंट की खेप, मामला दर्ज
HNN/ ऊना
जिला ऊना में थाना बंगाणा के तहत थानाकलां में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह के नजदीक पुलिस ने एक गाड़ी को सरकारी सीमेंट सहित पकड़ा है। आरोपी गाड़ी चालक की पहचान विनोद कुमार, निवासी गांव मंझेड़, डाकघर थानाकलां, तहसील बंगाणा, जिला ऊना के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम थानाकलां में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह के नजदीक गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्होंने एक गाड़ी को जांच के लिए रुकवाया। जिसके बाद पुलिस को देखकर वाहन चालक घबरा गया।
जब शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली गई तो गाड़ी से 11 बोरी सीमेंट की जब्त की गई। इनमें से 10 बोरियां सरकारी निकली। पुलिस की पूछताछ में गाड़ी का चालक कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।