पुलिस ने चिट्टे के साथ गिरफ्तार की महिला
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में नूरपुर पुलिस ने एक महिला नशा तस्कर को 6.46 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला लक्ष्मी पत्नी संदीप कुमार गांव व डाकखाना ठाकुरद्वारा के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम बरोटा-ठाकुरद्वारा मार्ग पर गश्त पर थी।
इस दौरान बरोटा गांव के पास एक महिला अपने घर के बाहर गली में खड़ी थी। जब महिला की नजर पुलिस टीम पर पड़ी तो उसने हाथ में पकड़ी कोई वस्तु घर के साथ लगती जगह में फेंक दी और भागने की कोशिश करने लगी। पुलिस ने उसे काबू किया और स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में महिला द्वारा फेंकी गई वस्तु की जांच की तो उसमें 6.46 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
जिसके बाद आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान पता चला कि शातिर महिला पहले भी पर कई अन्य अपराधिक मामले पंजीकृत हैं। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है।