पुलिस ने पंजाब के सगे भाईयों की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
HNN/ सोलन
हिमाचल प्रदेश की नालागढ़ पुलिस ने पंजाब के सगे भाईयों की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी की पहचान पंजाब के जालंधर के देसलपुर के रहने वाले इंद्रजीत सिंह उर्फ इंदा के तौर पर हुई है। मुख्य आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि इस वारदात को अंजाम देने वाले 2 आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। परन्तु मुख्य आरोपी के पकड़े जाने पर पुलिस उन दोनों आरोपियों को भी जल्द ही हिरासत में लेगी।
यह था मामला……
औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में नालागढ़-रामशहर मार्ग पर दरगाह के समीप 3 युवकों द्वारा 2 सगे भाइयों की हत्या कर दी गई थी। वहीं इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मृतकों की पहचान वरुण व कुणाल निवासी जाब के जालंधर के तौर पर की गई है।
जानकारी के मुताबिक, सगे भाई नालागढ़ में मामा के घर रोजगार के सिलसिले में आए हुए थे। आरोपियों द्वारा मृतक युवकों को अलग-अलग जगहों पर बुलाया जा रहा था। आखिर में वो नालागढ़ में वो दरगाह के नजदीक मिलने को राजी हुए थे। इस दौरान बाइक सवार दो युवकों ने तलवार घोंप कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
भाईयों पर हमले के दौरान हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस भी गुजरी थी। यात्रियों ने ही पुलिस को खूनी वारदात के बारे में सूचना दी। खबर की पुष्टि बद्दी के पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने की है।