पुलिस ने पकड़ी 914 ग्राम चरस, हिरासत में लिया 29 वर्षीय युवक
HNN/ कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में पुलिस ने 1 किलो के करीब चरस सहित युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 29 वर्षीय टोपेंद्र पुत्र खिम बहादुर निवासी नेपाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कुल्लू जिले की पुलिस ने मणिकर्ण घाटी के जरी में कैंची मोड़ के पास गश्त के दौरान इस कार्यवाही को अंजाम दिया है।
इस दौरान पुलिस की नजर उक्त युवक पर पड़ी जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थी। लिहाजा पुलिस ने जब उसे पकड़कर तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से चरस बरामद हुई जो कि 914 ग्राम पाई गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही धर दबोचा।
उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि पुलिस ने एक युवक के कब्जे से चरस बरामद की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी चरस की खेप कहां से लेकर आया था इसकी गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।