पुलिस ने फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर रह रहे व्यक्ति को किया गिरफ्तार
HNN/ कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के धर्मशाला में पुलिस ने एक फर्जी आईपीएस अधिकारी को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान विवेक निवासी महाराष्ट्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे के कारोबारियों को ही अपना शिकार बनाता था।
उनसे नशीले पदार्थ पकड़ता था और उसे खुद सेवन करने के अलावा आगे भी सप्लाई करता था। पुलिस के पास अभी तक आरोपी की ओर से ठगी किए जाने संबंधी कोई मामला सामने नहीं आया है। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अक्षित वालिया निवासी गाहलियां के कैफे में कुक था। जब अक्षित को उस पर शक हुआ तो उसने पुलिस को इस बाबत सूचित किया। जिसके बाद पुलिस ने नगर निगम धर्मशाला के तहत खनियारा क्षेत्र में आरोपी को गिरफ्तार किया।
बता दें आरोपी एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) का अधिकारी बनकर खनियारा में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार, बाइक, पिस्टल का कवर, पासपोर्ट, फर्जी आईकार्ड और दो वायरलेस सेट भी बरामद किए हैं। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने खबर की पुष्टि की है।