पुलिस ने मकान में दबिश देकर हेरोइन के साथ दबोचा पंजाब का तस्कर
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के उपमंडल इंदौरा में पुलिस ने 7.92 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब के तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बलविंद्र कुमार पुत्र जोगिंद्र पाल निवासी बरयाल, तहसील व जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि छन्नी गांव में पंजाब का एक व्यक्ति मकान से नशीले पदार्थों की तस्करी करता है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने उक्त मकान में दबिश दी और बलविंद्र कुमार के कब्जे से 7.92 ग्राम हेरोइन बरामद की। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने खबर की पुष्टि की है।