पुलिस लाइन झलेड़ा में इस दिन लगेगा रक्तदान शिविर……
HNN/ऊना
जिला ऊना में विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से पुलिस लाईन झलेड़ा में 1 फरवरी 2024 को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संस्था के जिलाध्यक्ष कर्णपाल मनकोटिया, रक्तदान शिविर के प्रभारी मणि कुमार सरोआ व संयोजक विकास कौंडल द्वारा यह जानकारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि हिमोत्कर्ष संस्था के संस्थापक स्व. कंवर हरि सिंह के जन्मदिन पर संस्था द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें रक्तदान करने वाली जिला की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं का भी सहयोग रहेगा।
उन्होंने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले संस्था की स्थापना की गई थी। स्व. कंवर हरि सिंह के नेतृत्व में संस्था प्रदेश में विभिन्न सामाजिक कार्यों का निर्वहन कर रही है। 80 के दशक में कंवर हरि सिंह के नेतृत्व में ही क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जिला का पहला ब्लड बैंक स्थापित किया गया था।
जिसमें रक्त को स्टोर करने के लिए पहला फ्रिज रोटरी क्लब ऊना द्वारा भेंट किया गया था। कंवर हरि सिंह ने उस समय रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक किया, जब लोग रक्तदान करने से डरते थे।