Loading...

पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने 251 कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद, श्रीराम नवमी पर गूंजा “जय श्रीराम” का उद्घोष

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 27 Mar 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने दुर्गा अष्टमी पर मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने अभयपुर में 251 कन्याओं का पूजन कर नारी सम्मान का संदेश दिया। श्रीराम नवमी पर पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल रहा और “जय श्रीराम” के उद्घोष गूंजते रहे।

ऊना

पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने शक्ति स्वरूपा मां जगत जननी दुर्गा जी के पावन नवरात्रि पर्व के अंतर्गत दुर्गा अष्टमी के शुभ अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक आस्था, परंपरा और संस्कारों का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने सर्वप्रथम मां भद्रकाली मंदिर में विधिवत शीश नवाकर पूजा-अर्चना की तथा हवन यज्ञ में पूर्ण आहुति डालकर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके उपरांत मंदिर परिसर में ध्वजारोहण कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके बाद अभयपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में चैतन्य शर्मा ने 251 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें देवी स्वरूप मानते हुए आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने कन्याओं को उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया और गगरेट विधानसभा क्षेत्र, प्रदेश व देश की उन्नति, शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।

चैतन्य शर्मा ने कहा कि कंजक पूजन सनातन संस्कृति की एक महत्वपूर्ण परंपरा है, जिसे वे हर वर्ष श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ निभाते आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि नवरात्रों के इस पावन अवसर पर नारी शक्ति के सम्मान और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संकल्प लें, ताकि समाज में समरसता , भाईचारा और अधिक मजबूत हो सके। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। पूरे माहौल में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, वहीं श्रीराम नवमी के अवसर पर “जय श्रीराम” के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।