पेट्रोल पंप की डीलरशिप के नाम पर हुई लाखों रुपए की ठगी, मामला दर्ज
HNN/हमीरपुर
जिला हमीरपुर के नादौन में एक व्यक्ति के साथ पेट्रोल पंप की डीलरशिप के नाम पर लाखों रुपये की ठगी हुई है। साइबर अपराध थाना मध्य रेंज मंडी में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नादौन शहर का एक निवासी व्यक्ति इंटरनेट से डीलरशिप के बारे में जानकारी ले रहा था।
इसी दौरान शातिरों ने उसे पेट्रोल पंप की डीलरशिप के लिए ऑफर दिया। शातिरों की ओर से नादौन में ही पेट्रोलपंप खोलने की बात कही गई और पैसों की डिमांड की गई। जिसके बाद पीड़ित ने उनके बताए खातों में कई किस्तों में सात लाख रुपये जमा करवा दिए। जिसके कुछ दिनों तक उसे टाला जाता रहा और पैसे की वापसी की मांग करने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
कुछ समय के बाद जब शातिरों ने शिकायतकर्ता का फोन उठाना ही बंद कर दिया तो उसने साइबर अपराध थाना मध्य रेंज मंडी में अज्ञात शातिरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।