Crime: जवाली के मैरा में मकान का ताला तोड़कर गहने और एक लाख रुपये की नकदी चोरी
Crime: जवाली पुलिस थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मैरा के वार्ड नंबर-8 में अज्ञात चोर एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। परिवार को सुबह कमरे का दरवाजा खुला मिलने पर वारदात का पता चला। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए और अज्ञात आरोपियों की पहचान तथा चोरी हुआ सामान बरामद करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
कांगड़ा/जवाली
मकान मालिक पवन कुमार के अनुसार उन्होंने रात करीब 11 बजे रसोईघर के साथ बने कमरे में ताला लगाया था और इसके बाद परिवार के साथ सो गए थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे उनकी आंख खुली तो कमरे का दरवाजा खुला था और उसका ताला गायब मिला। उन्होंने तुरंत परिवार के सदस्यों और अपने भाइयों को जगाया। कमरे में रखी छोटी अलमारी भी बंद थी, लेकिन चोरों ने किसी वस्तु की सहायता से उसका लॉक तोड़कर अंदर रखा सामान निकाल लिया था।
अलमारी से आभूषण और नकदी गायब
पवन कुमार ने बताया कि चोरी हुए आभूषणों में सोने की नथ, टीका, दो अंगूठियां, सोने के कांटे, चांदी की एक जोड़ी छगले, पैरियां और दोनों बेटों के कंगन शामिल हैं। अलमारी में रखी एक लाख रुपये की नकदी भी चोरी हो गई। आभूषणों की डिब्बी खाली करके कमरे में ही छोड़ दी गई, जबकि अलमारी का ताला चोर अपने साथ ले गए। मकान से करीब 100 मीटर दूर रेलवे लाइन के पास 500 रुपये के नोटों का एक हार भी पड़ा मिला।
मकान मालिक के मुताबिक घर में पलस्तर का काम चल रहा है। मजदूरों, मिस्त्री और दुकानदारों का भुगतान करने के लिए उन्होंने दो दिन पहले अपने भाई मिलाप सिंह से एक लाख रुपये उधार लिए थे। यही रकम अलमारी में रखी गई थी। घटना के बाद उन्होंने ग्राम पंचायत मैरा के प्रधान रोहित कुमार को फोन पर जानकारी दी। पंचायत प्रधान ने मौके का जायजा लेने के बाद ज्वाली पुलिस थाना को चोरी की सूचना दी।
पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की
सूचना मिलते ही ज्वाली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मकान तथा आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। अज्ञात चोरों की पहचान करने के साथ चोरी हुए आभूषण और नकदी बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।