पेड़ से लटका मिला 41 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में काली मंदिर के पास पेड़ से 41 वर्षीय व्यक्ति का शव लटका हुआ मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 41 वर्षीय अशोक सोनी तहसील अर्की, भराड़ीघाट, सोलन के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग जब मंदिर के समीप जा रहे थे तो उन्होंने पेड़ पर इस व्यक्ति को लटके देखा। उन्होंने तुरंत कांगड़ा पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारा गया। साथ ही मामला दर्ज कर जाँच शुरू की।
मृतक बिलासपुर जिला के नम्होल बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान करता था। उसका ससुराल जोगिंद्रनगर में बताया जा रहा है। मृतक यहां कैसे पहुंचा, इसकी छानबीन पुलिस कर रही है। डीएसपी अंकित शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम टांडा में करवाया गया है।