पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप के पहले दिन नेपाल के अमन थापा रहे प्रथम

KANGDA-9.jpg

HNN/धर्मशाला

जिला कांगड़ा में धर्मशाला के नरवाणा कस्बे में चल रहे पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप के पहले दिन कुल 66 प्रतिभागियों ने उड़ान भरी। जिसमें ओवरऑल प्रतियोगिता में नेपाल के अमन थापा प्रथम स्थान पर रहे। जबकि भारत के जसवंत सिंह दूसरे तथा भारत के ही राजीव ठाकुर तीसरे स्थान पर रहे।

तो वहीं महिला वर्ग में भारत की तरन्नुम ठाकुर पहले, ऑस्ट्रिया की पोलीना दूसरे तथा भारत की स्वप्ना कुमारी तीसरे स्थान पर रही। जबकि टीम इवेंट में पहले नंबर पर आकाश एडवेंचर की टीम रही। इस टीम में पायलट यशपाल, अश्विनी ठाकुर, योगराज तथा मनोज कुमार थे। दूसरे नंबर पर भी आकाश एडवेंचर की टीम रही। इसमें अमित कुमार, राजीव ठाकुर, रणजीत सिंह, शिवराज ठाकुर शामिल थे। तीसरे नंबर पर आर्मी-2 की टीम रही।

बता दें कि प्रतियोगिता के पहले दिन बतौर मुख्यातिथि विधायक सुधीर शर्मा ने शिरकत करी। उन्होंने कहा कि कस्बा नरवाणा में पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वल्र्ड कप के आयोजन के बाद यहां पर रैंडम उड़ानों को बल मिलेगा। इससे स्थानीय क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे, जबकि धर्मशाला तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में देशभर से आने वाले पर्यटक भी पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठा सकते हैं।

उन्होंने ने कहा कि कांगड़ा जिला को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिसके चलते कस्बा नरवाणा में पैराग्लाइडिंग की नई साइट को वर्ल्ड मैप पर दर्शाने के लिए पहल की गई है।