पैसों के लेनदेन को लेकर व्यक्ति पर चाकू से किया हमला, मामला दर्ज
HNN/ऊना
जिला ऊना में उपमंडल हरोली के तहत ईसपुर में एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। हमले में व्यक्ति घायल हो गया है। घायल की पहचान जसवंत सिंह निवासी ईसपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसवंत सिंह ने ऊना सब्जी मंडी के सुभाष सैणी और पवन सैणी के 17 हजार रुपये देने थे। पैसे के लेनदेन को लेकर सुभाष सैणी व पवन सैणी उसके घर आए। इनके साथ केवल कुमार भी आया हुआ था।
इस दौरान जब जसवंत पैसों को लेकर सुभाष सैणी और पवन सैणी से बातचीत कर रहा था तभी केवल कुमार ने गुस्से में उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं उसने चाकू से उसकी बाजू पर हमला कर दिया। हमले में जसवंत सिंह घायल हो गया। जिसके बाद उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
जिसके बाद जसवंत सिंह ने केवल कुमार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जसवंत सिंह की शिकायत के आधार पर केवल कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया और आगामी कार्यवाही शुरू कर दी। डीएसपी हरोली मोहन रावत द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।