प्रतिभा सिंह ने मलिकार्जुन खरगे से की भेंट, प्रदेश में बारिश से हुए नुक्सान की दी जानकारी
HNN/ मंडी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने आज नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे से भेंट कर उन्हें प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों की पूरी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में भारी बारिश व भूस्खलन से हुए नुक्सान की जानकारी भी दी।
प्रतिभा सिंह ने खरगे को बताया कि भारी बारिश के चलते उनके संसदीय क्षेत्र मंडी में भूस्खलन से भारी जानमाल के साथ सड़को को बहुत नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने सीमित संसाधनों के चलते राहत के साथ पुनर्वास व सड़को के पुनर्निर्माण कार्यो में जुटी हैं।
मंडी जिला के पंडोह से औट व मनाली राष्ट्रीय राज मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार प्रदेश में आई इस आपदा के प्रति संवेदनशील नही हैं। केंद्र की ओर से प्रदेश को कोई भी विशेष आर्थिक मदद नही मिली हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रदेश में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर आपदा पीड़ित लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी भी इस आपदा से व्यथित है और उन्होंने प्रदेश सरकार को प्रभावितों की हर संभव मदद देने को कहा हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार से प्रदेश में आई इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग कर रखी है जिससे प्रदेश को इस आपदा से निपटने के लिए विशेष आर्थिक मदद मिल सकें। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार के समक्ष रखेगी।
