Loading...

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ब्यास नदी प्रदूषित करने पर नगर परिषद पर लगाया इतना जुर्माना…..

Ankita • 13 May 2023 • 1 Min Read

HNN/ कुल्लू

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मनाली में ब्यास नदी का पवित्र जल प्रदूषित करने पर एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। बता दें बोर्ड ने ब्यास नदी प्रदूषित करने पर नगर परिषद पर 15.30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।

बता दें हाल ही में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने मौके का दौरा किया और पूरी रिपोर्ट तैयार करने के बाद नगर परिषद पर कार्यवाही के तौर पर जुर्माना लगाया। वहीं, नोटिस भी जारी किया। रांगड़ी के समीप वर्षों पहले कूड़ा संयंत्र केंद्र लगाया गया था।

कूड़ा संयंत्र केंद्र में कचरा अधिक मात्रा में पहुंचना शुरू हो गया। लेकिन, सही तरीके से निष्पादन नहीं किया जा सका। कुल्लू का कचरा भी मनाली में ठिकाने लगाया जाने लगा है। लाहौल घाटी से भी कचरे की गाड़ियां मनाली पहुंच रही हैं।

धीरे-धीरे कचरे की डंपिंग साइट कूड़े के पहाड़ के रूप में परिवर्तित हो गई। अब इससे रिसाव होने लगा है और कूड़े का गंदा पानी सीधा ब्यास नदी में मिल रहा है। मनाली दौरे पर आए शहरी विकास विभाग के निदेशक गोपाल चंद ने भी इस लापरवाही को लेकर सख्त रुख दिखाया।

उन्होंने कहा कि कचरा युक्त गंदा पानी नदी में नहीं मिलना चाहिए, इसके लिए नगर परिषद जल्द से जल्द उचित कदम उठाए। मौके पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने 15 दिन में उचित समाधान करने की बात कही।