प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण में सिराज में खर्च होंगे 150 करोड़- विक्रमादित्य
HNN/ मंडी
सिराज विधानसभा क्षेत्र के छतरी में आयोजित लवी मेला में शिरकत करते हुए लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवम खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि देव समाज हमारी परम्परा है, संस्कृति है। इसको संजोए रखना और इसमें विश्वास बनाए रखना, यह बहुत महत्वपूर्ण है।
यही हमारे को देश के अन्य क्षेत्रों से अलग बनाती है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के नाम से हिमाचल प्रदेश को जाना जाता है। इसको बनाए रखना हमारा दायित्व है। उन्होंने मेले मेें पधारने पर मगरूमहादेव सहित देवी-देवताओं का आर्शिवाद लिया।
मेले में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। मेले में पधारने पर मेला कमेटी के सदस्यों ने मुख्यअतिथि का स्वागत किया। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि सिराज विधानसभा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तीसरे चरण में 150 करोड़ खर्च होंगे। जबकि पूरे प्रदेश में 2600 करोड़ खर्च होंगे।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार से सड़क परियोजनाओं के लिए 3000 करोड़ स्वीकृत करवाने में सफल हुए हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल में शुरू किए गए सभी कार्याें को 100 प्रतिशत पूरा किया जाएगा ताकि इलाके के लोगों को इनका फायदा मिल सके। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों का निर्माण में पूरी गुणवत्ता रखी जाए।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बरसात की भीषण त्रासदी से प्रदेश निकल रहा है और विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। हिमाचल को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का कार्य किया जा रहा है।