प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सबसे लंबे पुल “अटल सेतु” का किया उद्घाटन
मुंबई और नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा यह पुल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को मुंबई में ‘अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा अटल सेतु’ का उद्घाटन किया। मुंबई ट्रांसहार्बर लिंक (एमटीएचएल) का नाम अब ‘अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा अटल सेतु’ रखा गया है। पीएम मोदी ने दिसंबर 2016 में इस पुल का शिलान्यास किया था। अटल सेतु का निर्माण 17,840 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह पुल लगभग 21.8 किमी लंबा और 6-लेन वाला है। पुल 16.5 किमी लंबा समुद्र के ऊपर और करीब 5.5 किमी जमीन पर बना है। बता दें यह देश का सबसे लंबा पुल है। यह मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा में लगने वाले समय को भी कम करेगा।
यह मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा। अटल सेतु आज से आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। एक अनुमान के मुताबिक पुल से हर रोज करीब 70 हजार लोग सफर करेंगे। यहां 400 कैमरे लगे हैं, इसके अलावा ट्रैफिक के दबाव की जानकारी जुटाने के लिए एआई आधारित सेंसर लगे हैं।