Loading...

विशेष मुख्य सचिव पद से हटाए रामसुभग सिंह, अब बनाए…..

PRIYANKA THAKUR • 2 Feb 2023 • 1 Min Read

HNN / शिमला

राज्य सरकार ने वर्ष 1987 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रामसुभग सिंह को मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार व विशेष मुख्य सचिव ऊर्जा के पद से हटा दिया है। वीरवार को कार्मिक विभाग से जारी अधिसूचना के तहत रामसुभग सिंह से ऊर्जा विभाग का जिम्मा वापस ले लिया गया है।

रामसुभग सिंह को बिजली बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह ऊर्जा क्षेत्र के लिए नई योजनाओं और दुग्ध उत्पादन को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को बतौर प्रधान सलाहकार इन मामलों को लेकर सलाह देते रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि रामसुभग सिंह पूर्व भाजपा सरकार के समय मुख्य सचिव पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनको मुख्य सचिव के पद से पूर्व भाजपा सरकार के समय हटाकर उनके स्थान पर आरडी धीमान को नया मुख्य सचिव बनाया गया था।

वर्तमान सरकार ने उनको मुख्य सचिव तो नहीं बनाया, लेकिन विशेष मुख्य सचिव का पदनाम जरुर दिया था। अब उनसे विशेष मुख्य सचिव के पदनाम को भी वापस ले लिया है। राज्य सरकार ने इसके अलावा वर्ष 2007 बैच के आईएएस अधिकारी एवं सचिव कृषि, भाषा एवं कला संस्कृति राकेश कंवर को पशुपालन एवं मत्स्य पालन का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा है। इसको लेकर भी मुख्य सचिव की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है।