प्रवासियों की झुग्गियों में लगी आग, हज़ारों का नुकसान
HNN/ऊना
जिला ऊना के अप्पर बसाल में प्रवासियों की एक दर्जन झुग्गियां आग की भेंट चढ़ गई। आगजनी की घटना में पीड़ित को करीब 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती देर शाम अप्पर बसाल में प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि झुग्गी के अंदर रखा कुछ सामान निकाल लिया गया, जबकि कुछ आग की भेंट चढ़ गया।
जिसमें करीब 90 हजार का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। दमकल विभाग प्रभारी ऊना नितिन धीमान ने घटना की पुष्टि की है।