Loading...

प्रवासियों की 50 झोंपड़ियां चढ़ी आग की भेंट, नकदी सहित सारा सामान जलकर राख

Ankita • 28 May 2024 • 1 Min Read

HNN/ कांगड़ा

जिला कांगड़ा की उपतहसील ठाकुरद्वारा के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत बसंतपुर के बेला इंदौरा में 15 प्रवासी परिवारों की 50 खड़पोश झोंपड़ियां आग की भेंट चढ़ गई।

इस आगजनी में 15 परिवारों की लगभग 10 लाख की नकदी, कई तोले सोने व चांदी के आभूषण, तमाम घरों का सामान, टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे, दो मोटरसाइकिल, 40 क्विंटल गेहूं सहित कपड़े भी जल गए। इस घटना से पीड़ित परिवारों को लाखों का नुकसान हुआ है।

जानकारी के मुताबीक, बेला इंदौरा में निरंकारी मिशन की लगभग 6 कनाल भूमि में वर्षों से 15 के लगभग उत्तर प्रदेश के रहने वाले प्रवासी परिवार खड़पोश झोपड़ियां बनाकर अपने परिवारों सहित रह रहे थे। सब परिवार क्षेत्र में दिहाड़ी-मजदूरी करके अपना परिवार पाल रहे थे।

सोमवार दोपहर एक बजे अचानक एक झोंपड़ी में आग लगने से सारी झोपड़ियां जल कर रख हो गईं। पीड़ित परिवारों ने बताया कि रोजाना की तरह काम पर चले गए। दोपहर को एक झोंपड़ी को आग लगी और आग ने अपना भयंकर रूप धारण करते हुए सभी को अपनी चपेट में ले लिया और चंद मिनटों में देखते ही देखते सब कुछ स्वाह हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के प्रभारी चमन कुमार भी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।