प्रवासी युवक ने साथी व्यक्ति के सिर पर सिलेंडर से हमला कर ली जान, गिरफ्तार
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के पालमपुर के वार्ड नंबर-12 में एक प्रवासी युवक ने उसी के साथ रहने वाले दूसरे प्रवासी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी रोहित कुमार (23) गांव, डाकखाना भांजू तहसील, जिला शामली (यूपी) को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान, विजयपाल करीब 55 वर्षीय, उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति फेरी लगाने का काम करते थे और एक साथ किराए के कमरे में रह रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। दोनों का झगड़ा इतना बढ़ गया कि रोहित कुमार ने विजयपाल के सिर पर गैस सिलेंडर मार दिया।
हमले से विजयपाल को काफी चोट आई, जिस पर उसे नागरिक चिकित्सालय पालमपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया।
बताया जा रहा है कि हत्या करने के बाद प्रवासी मौके से फरार हो गया। लेकिन पुलिस ने उसे शाहपुर से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
