Loading...

प्रो. ललित कुमार अवस्थी सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी के नए कुलपति नियुक्त

By Ankita Published: 9 Feb 2024, 12:35 PM | Updated: 9 Feb 2024, 12:35 PM 1 min read

HNN/ मंडी

प्रो. ललित कुमार अवस्थी सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी ने नए कुलपति नियुक्त किए गए हैं। इस नियुक्ति के साथ ही मंडी यूनिवर्सिटी को करीब 8 माह बाद नया कुलपति मिल गया है। प्रदेश सरकार से परामर्श करने के बाद प्रो. अवस्थी के नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस संबंध में राजभवन से नियुक्ति आदेश जारी हुए। वे ज्वाइनिंग से 3 वर्ष की अवधि तक कुलपति पद पर बने रहेंगे।

आदेशों में कहा गया है कि कुलपति की सेवा शर्तें प्रदेश सरकार की ओर से निर्धारित की जाएंगी। इस संबंध में राज्यपाल एवं सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति शिव प्रताप शुक्ल की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। वे वर्तमान में नैशनल इंस्टीच्यूट ऑफ टैक्नोलॉजी श्रीनगर, उत्तराखंड में बतौर निदेशक कार्यरत हैं और अब वे मंडी यूनिवर्सिटी के कुलपति पद का कार्यभार संभालेंगे। वे सुंदरनगर जिला मंडी के निवासी हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रो. अवस्थी इससे पहले एनआईटी हमीरपुर और जालंधर में भी तैनात रहे हैं। उन्होंने एनआईटी जालंधर के निदेशक के रूप में 5 साल का कार्यकाल पूरा किया था। उनके पास एनआईटी दिल्ली और एनआईटी हमीरपुर का 14 अगस्त, 2020 से 9 अक्तूबर 2021 तक अतिरिक्त प्रभार था। इसके बाद वह 3 फरवरी 2022 तक एनआईटी हमीरपुर में कार्यवाहक निदेशक रहे। वे कम्प्यूटर साइंस के विशेषज्ञ हैं और उन्हें 30 वर्ष का अनुभव है। उन्हें सर्वश्रेष्ठ टीचिंग अवार्ड भी मिल चुका है।