Loading...

प्लास्टिक सर्जरी से बचाई गाय की जान, बहुआयामी पशु चिकित्सालय ललड़ी में हुआ सफल ऑपरेशन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Apr 2025 • 1 Min Read

ऊना / वीरेंद्र बन्याल

सर्जरी के माध्यम से गाय को नई जिंदगी, चिकित्सीय प्रक्रिया ने साबित किया अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों का प्रभाव

हरोली उपमंडल के ललड़ी स्थित बहुआयामी पशु चिकित्सालय में प्लास्टिक सर्जरी के जरिए एक गाय की जान बचाई गई। यह पशु चिकित्सालय की एक नई चिकित्सा उपलब्धि है। गाय का मुंह एक दुर्घटना के दौरान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे उसका जीवन संकट में आ गया था। बहुआयामी पशु चिकित्सालय के वरिष्ठ पशु चिकित्सक और सर्जन डॉ. मनोज शर्मा और उनकी टीम ने गाय के मुंह की हड्डियों और मांस की कमी को भरने के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों का उपयोग किया।

सर्जरी के बाद गाय का मुंह सामान्य हुआ, एक नई चिकित्सीय दिशा

डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि तीन घंटे की कठिन सर्जरी के बाद गाय के मुंह को सामान्य किया गया। इस सर्जरी ने साबित कर दिया कि अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों का उपयोग पशुओं के इलाज में कैसे सहायक हो सकता है। उन्होंने बताया कि यहां इलास्टोग्राफी जैसी तकनीकों का भी उपयोग किया जा रहा है, जिससे संभावित बीमारियों का पूर्वानुमान लगाकर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाता है।

पशु चिकित्सा सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव, पशु पीजीआई के रूप में उभरा ललड़ी अस्पताल

बहुआयामी पशु चिकित्सालय ललड़ी को अब “पशु पीजीआई” के नाम से भी जाना जाता है। यह चिकित्सालय 2017 में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री जी के अथक प्रयासों से स्थापित हुआ था। यहां तैनात निपुण पशु चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा पशुओं को उच्च स्तरीय इलाज दिया जाता है, जिससे इलाके के पशुपालकों को बड़ी राहत मिल रही है।

दुर्घटना के बाद गाय का इलाज, ललड़ी पशु चिकित्सालय में मिली उम्मीद

जिला ऊना के अंब क्षेत्र में एक गाय घास चरते हुए दुर्घटना का शिकार हो गई, जिससे उसका मुंह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गाय के मालिक ने कई स्थानों पर इलाज की गुहार लगाई, लेकिन हर जगह निराशा हाथ लगी। अंततः गाय के मालिक ने बहुआयामी पशु चिकित्सालय ललड़ी के वरिष्ठ डॉ. मनोज शर्मा से संपर्क किया और गाय को उपचार के लिए ललड़ी पशु चिकित्सालय लाए। जहां मरीजों की भीड़ देखकर उनका तनाव बढ़ गया, लेकिन डॉ. मनोज शर्मा ने गाय को इमरजेंसी घोषित करते हुए तुरंत सर्जरी करके गाय की जान को बचाया।