फर्जी टिकट देकर 4500 रुपए का टांका मारने वाला एचआरटीसी परिचालक नौकरी से बर्खास्त
HNN/ शिमला
एचआरटीसी बस में 4,500 रुपए का टांका मारने यानी बिना टिकट दिए यात्रा करवाने पर निगम प्रबंधन ने एक परिचालक को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। निगम मुख्यालय में मामले की जांच पूरी होने पर निगम प्रबंधन ने संबंधित परिचालक को नौकरी से निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं और नौकरी से निकाल दिया है।
निगम प्रबंधन द्वारा की गई जांच के अनुसार 25 दिसम्बर, 2023 यानी पिछले महीने परवाणू डिपो की एक बस अम्बाला-बद्दी रूट पर जा रही थी। इस बस में अनुज कुमार(अनुबंध) बतौर परिचालक सेवाएं दे रहा था। निगम सोलन में तैनात निरीक्षक दल की टीम ने रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर पर पिंजौर में बस का निरीक्षण किया।
ऐसे में टीम ने पाया कि बस में 70 लोग सफर कर रहे हैं और जब बस में बैठी सवारियों की टिकट की जांच की गई तो 45 यात्री बिना टिकट के पाए गए, जिनका कुल किराया 4,500 रुपए बनता था और यह राशि पहले ही कंडक्टर द्वारा ले ली गई थी। मामले की पूरी जांच के बाद निगम ने अब परिचालक को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।