फुमड़ नाला में पहाड़ी से हुआ हिमस्खलन, मनाली-कोकसर मार्ग बंद
HNN/ कुल्लू
जिला कुल्लू के फुमड़ नाला में पहाड़ी से हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन से मनाली-अटल टनल रोहतांग-कोकसर मार्ग अवरूद्ध हो गया है। इसके अलावा अटल मनाली-केलांग मार्ग भी फोर वाई फोर को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, मई महीने की दस्तक पर भी लाहौल में हिमपात हो रहा है। ऐसे में घाटी में हिमस्खलन का भी खतरा बढ़ गया है। उधर, बर्फबारी से लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हो रही है।
वहीं लोक निर्माण विभाग को ताजा हिमपात से ग्रांफू-काजा, रोहतांग दर्रा व मनाली-लेह मार्ग को बहाल करने में भी मुश्किलें आ रही है। बर्फ़बारी से तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज की जा रही है।