फोरलेन पर पैदल जा रहे व्यक्ति पर लावारिस बैल ने किया हमला, मौत
HNN / बिलासपुर
पुलिस थाना बिलासपुर सदर के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत नौणी के गांव पडगल में एक व्यक्ति की लावारिस बैल के हमले से मौत हो गई है। व्यक्ति की पहचान 64 वर्षीय परमानंद उर्फ निक्कू, निवासी गांव पडगल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार परमानंद बुधवार शाम को गांव में ही निर्माणाधीन फोरलेन पर पैदल जा रहा था। इसी बीच पीछे से एक लावारिस बैल ने उस पर अचानक हमला कर दिया। बैल के हमले में वह बुरी तरह से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक गरीब परिवार से संबंध रखता था। आज शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौप दिया जायेगा। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने की है।