फ्रेंडशिप पीक में हिमस्खलन की चपेट में आये युवक का अब तक नही लगा कोई सुराग
HNN / कुल्लू
अटल टनल के साथ लगती 17490 फुट ऊंची फ्रेंडशिप पीक में शिमला का पर्वतारोही हिमस्खलन की चपेट में आ गया , जिसके बाद से उसका कही कुछ पता नही चल पाया है। घटना शनिवार सुबह 9 बजे की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद हालांकि रेस्क्यू दल मौके के लिए रवाना हुआ, लेकिन रेस्क्यू दल घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाया है। वही, आज सुबह ही युवक की तलाश के लिए अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान मनाली की टीम रवाना हो गई है।
जानकारी के अनुसार शिमला निवासी आशुतोष अपने दोस्त सचिन और साहिल के साथ 17 नवंबर को फ्रेंडशिप पीक के लिए ट्रैकिंग पर निकला था। इस दौरान जब फ्रेंडशिप पीक के आस-पास यह ट्रैकिंग दल पहुंचा तो इस दौरान अचानक ग्लेशियर गिर गया, जिसकी चपेट में आशुतोष आ गया। जिसके बाद से ट्रैकर लापता है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम मनाली ने प्रशासन व एडवेंचर टुअर ऑपरेटर एसोसिएशन कुल्लू-मनाली की संयुक्त टीम को रेस्क्यू के लिए घटनास्थल पर भेजा। टीम ने युवक की काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। जिसके चलते आज सुबह युवक की तलाश के लिए अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान मनाली की टीम रवाना हो गई है। जरूरत पड़ी तो रेस्क्यू के लिए हवाई सेवा भी ली जा सकती है ।